मध्यप्रदेश पुलिस के राकेश कुमार कुशवाह ने राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में जीता गोल्ड मेडल

भोपाल, 26 जुलाई। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय की विसबल शाखा में पदस्थ सहायक पुलिस महानिरीक्षक (विसबल) के निज सहायक एवं निरीक्षक (अ) राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता-2026 की 10 मीटर एयर पिस्टल (मास्टर वर्ग) स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता है।

उनकी इस उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने उन्हें ₹5,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। डीजीपी ने कहा कि यह सफलता उनके अनुशासन, कड़ी मेहनत, समर्पण और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राकेश कुमार कुशवाह ने न केवल मध्यप्रदेश पुलिस बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है और उनकी उपलब्धि पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, विशेषकर स्टेनो और लिपिकीय संवर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है।

राकेश कुमार कुशवाह इससे पहले भी मध्यप्रदेश पुलिस राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुके हैं। लगातार बेहतर प्रदर्शन से उन्होंने यह साबित किया है कि कार्यालयीन जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

पुलिस विभाग के अनुसार, स्टेनो एवं लिपिकीय वर्ग के किसी अधिकारी द्वारा राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता में इस प्रकार की उपलब्धि हासिल करने का यह पहला उदाहरण है। विभाग ने उनकी सफलता को पूरे संवर्ग के लिए प्रेरणादायक बताया है।

Exit mobile version