मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार पटेल सेवानिवृत्त, समारोह में दी गई भावभीनी विदाई
35 वर्षों की शासकीय सेवा और कर्मचारी हितों में योगदान को किया गया याद
भोपाल। मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष और प्रदेश के वरिष्ठ कर्मचारी नेता राजकुमार पटेल अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) की ओर से संयुक्त रूप से विदाई समारोह आयोजित किया गया।
वल्लभ भवन क्रमांक-1 के पांचवीं मंजिल स्थित कक्ष क्रमांक-506 में आयोजित समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और संगठन के पदाधिकारियों ने राजकुमार पटेल को सम्मानपूर्वक विदाई दी।
सेवा और कर्मचारी हितों में योगदान को किया याद
कार्यक्रम में मंत्रालय सेवा अधिकारी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने राजकुमार पटेल की लंबी सेवाओं और कर्मचारी हितों के लिए किए गए कार्यों को याद किया।
उन्होंने बताया कि राजकुमार पटेल को उत्कृष्ट शासकीय सेवा के लिए देवीप्रसाद शर्मा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा वे 35 करोड़ रुपये के टर्नओवर वाली साख सहकारी समिति के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मंत्रालय कॉलोनी के लिए शासन से 40 एकड़ भूमि आवंटित कराने और साख सहकारी समिति में लंबित राशि वापस दिलाने में राजकुमार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया सम्मान
विदाई समारोह में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उपसचिव जमील खान, मंत्रालय के रजिस्ट्रार मनोज श्रीवास्तव, पीएचई विभाग के अवर सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वरिष्ठ कर्मचारी नेता भगवान सिंह यादव, सलीम खान, अशोक यादव, एलएस धुर्वे और साधना मिश्रा सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष सोनी ने किया।
इस अवसर पर राजकुमार पटेल का फूल-मालाओं, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। पीएचई विभाग के कर्मचारियों की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भी प्रदान किया गया।
संघ पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में संघ के पदाधिकारी राजेश कौल, ठाकुरदास प्रजापति, संतोष बड़ोदिया, हरिशरण द्विवेदी, सतीश शर्मा, अनिल मंडलोई, श्याम बिहारी दुबे, विकास नोरंग, नीलेश पटवा, हरीश बाथम, बादामी लाल सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी ने राजकुमार पटेल के स्वस्थ, सुखमय और सक्रिय भविष्य की कामना करते हुए उनके कर्मचारी हितों में योगदान की सराहना की।