राहुल गांधी नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें, संसद नहीं सड़क की राजनीति कर रही कांग्रेस: इंजी. दिवाकर सिंह

भोपाल। श्रीजनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी. दिवाकर सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर होने के कारण उन्हें नैतिकता की बात करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी नैतिकता में विश्वास रखते हैं तो उन्हें लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना चाहिए।
दिवाकर सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है, जिससे देश के करोड़ों लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को संसद में बहस और जनहित के मुद्दे उठाने के लिए चुना है, न कि हंगामा करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बाधित करने के लिए।
उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर गंभीर है तो उसे संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए। उनके अनुसार संवैधानिक व्यवस्था के तहत सभी विषयों पर चर्चा और निर्णय संभव है, लेकिन दबाव की राजनीति और अराजकता लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
दिवाकर सिंह ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्व सक्रिय थे और पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला लोकतांत्रिक विरोध नहीं बल्कि कानून के शासन को चुनौती है।
उन्होंने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों से स्पष्ट करने की मांग की कि वे लोकतांत्रिक संवाद में विश्वास रखते हैं या सड़क की राजनीति में। उनका कहना था कि देश की जनता अवसरवादी राजनीति को समझ चुकी है और उचित समय पर उसका जवाब देगी।





