State

गबन के आरोपों से घिरे अधिकारी को बनाया जोन प्रभारी, नगर निगम के फैसले पर उठे सवाल

भोपाल। नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल के तहत जोन क्रमांक-15 के प्रभारी को बदल दिया गया है। बुधवार शाम जारी आदेश के अनुसार, राजस्व निरीक्षक कुलदीप जैन को जोन-15 का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि लंबे समय से यह जिम्मेदारी संभाल रहे ठाकुर सिंह को राजस्व शाखा कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

हालांकि, कुलदीप जैन की नियुक्ति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि पूर्व में प्रभारी पद पर रहते हुए उन पर गबन के आरोप लगे थे। जांच में आरोप प्रमाणित होने के बाद उनसे संबंधित राशि की वसूली वर्तमान में वेतन से की जा रही है।

हाउस फॉर ऑल शाखा से मिली नई जिम्मेदारी

कुलदीप जैन इससे पहले नगर निगम की हाउस फॉर ऑल शाखा में पदस्थ थे। अब उन्हें जोन-15 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ठाकुर सिंह को राजस्व शाखा कार्यालय में पदस्थ किया गया है।

नगर निगम प्रशासन की ओर से यह बदलाव सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत बताया जा रहा है, लेकिन गबन मामले में कार्रवाई झेल चुके अधिकारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने से विभागीय कार्यप्रणाली पर चर्चा शुरू हो गई है।

वसूली जारी होने के बावजूद जिम्मेदारी पर सवाल

नगर निगम सूत्रों के अनुसार, कुलदीप जैन के खिलाफ पूर्व पदस्थापना के दौरान वित्तीय अनियमितता के आरोप लगे थे। जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर उनसे राशि की वसूली की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जो अब भी जारी बताई जा रही है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब किसी अधिकारी से वित्तीय अनियमितता से जुड़ी राशि की वसूली चल रही है, तो उसे जोन प्रभारी जैसी जिम्मेदारी देने का आधार क्या है।

फिलहाल नगर निगम की ओर से इस नियुक्ति को लेकर कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Related Articles