State

रोजीवे अवैध खनन मामला: जांच रिपोर्ट पर सवाल, 20 दिन बाद भी नहीं जारी हुआ नोटिस

भोपाल, 20 जुलाई। राजधानी भोपाल की हुजूर तहसील के ग्राम रोजीवे में कथित अवैध खनन के मामले में जांच रिपोर्ट को लेकर विरोधाभासी दावों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। कार्रवाई के लगभग 20 दिन बाद भी संबंधित खनन कारोबारी को नोटिस जारी नहीं किया गया है।

30 जून को तहसीलदार शुभम जैन और सहायक खनिज अधिकारी सुचि माथुर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से एक पोकलेन मशीन और डंपर जब्त किए थे। इसके बाद तैयार हुई प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कमियां पाए जाने पर दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच 6 जुलाई को पूरी हुई।

सूत्रों के अनुसार दूसरी जांच में करीब 40 लाख 40 हजार रुपये के कथित अवैध खनन एवं मिट्टी विक्रय का आकलन किया गया और संबंधित कारोबारी से वसूली की अनुशंसा की गई।

हालांकि, जिला खनिज अधिकारी मेहताब सिंह रावत का कहना है कि उन्हें इस मामले की जांच रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। उनका कहना है कि रिपोर्ट संभवतः कलेक्टर कार्यालय में होगी। दूसरी ओर, जांच अधिकारी एवं सहायक खनिज अधिकारी सुचि माथुर पहले यह कह चुकी हैं कि जांच पूरी कर रिपोर्ट जिला खनिज अधिकारी को सौंप दी गई थी।

इस विरोधाभास के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यदि जिला खनिज अधिकारी को रिपोर्ट नहीं मिली, तो वह कलेक्टर कार्यालय तक कैसे पहुंची? वहीं यदि रिपोर्ट वास्तव में जमा हो चुकी थी, तो 20 दिन बाद भी संबंधित पक्ष को नोटिस जारी क्यों नहीं किया गया?

मामले में अभी तक प्रशासन की ओर से इस विरोधाभास पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। यदि जांच रिपोर्ट में अवैध खनन की पुष्टि हुई है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई और वसूली प्रक्रिया को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Related Articles