जोन-8 के विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा में काम पूरा करने के दिए निर्देश
भोपाल। नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि नगर निगम द्वारा किए जाने वाले प्रत्येक कार्य में जनहित और नागरिकों का विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए। विकास और जनसुविधा से जुड़े सभी कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के साथ पूरा किया जाए, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
निगम अध्यक्ष मंगलवार को निगम मुख्यालय अटल भवन स्थित अपने कार्यालय में जोन क्रमांक-8 के अंतर्गत चल रहे विकास एवं जनसुविधा कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में उन्होंने क्षेत्र में पूर्ण किए गए कार्यों, प्रचलित परियोजनाओं, प्रस्तावित विकास कार्यों और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश
समीक्षा बैठक में निगम अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क, जल व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य जनसुविधाओं के कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित और स्थायी समाधान, विकास कार्यों की नियमित निगरानी तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सरल और सुगम तरीके से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
समन्वय से बनेगा बेहतर भोपाल
निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि शहर के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य कराना और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखना नगर निगम की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के संकल्प को पूरा किया जाएगा।
बैठक में जोन क्रमांक-8 के जोनल अधिकारी, सहायक यंत्री (सिविल, जलकार्य एवं विद्युत), सहायक स्वास्थ्य अधिकारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।