शत-प्रतिशत कार्य ई-ऑफिस प्रणाली से करें: प्रियंक मिश्रा

कलेक्टर ने किया आबकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण

भोपाल. 16 सितंबर. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बुधवार को जिला आबकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी को मैदानी स्तर पर सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए. मिश्रा ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में नियमित निरीक्षण के साथ औचक दबिश और फ्लैग मार्च किए जाएं, ताकि अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई हो सके. नियम तोडऩे वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं. कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में फाइलों और अभिलेखों की स्थिति देखी. उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय फाइलों और पत्रावलियों का काम अब शत-प्रतिशत ई-ऑफिस प्रणाली से किया जाए. डिजिटल व्यवस्था से फाइलों की आवाजाही और निपटारे की निगरानी आसान होगी और लंबित प्रकरणों के समय पर निराकरण में भी मदद मिलेगी. कलेक्टर ने कहा कि शासकीय फाइलों और अभिलेखों का संधारण नियमों के अनुसार होना चाहिए. रिकॉर्ड रखने में किसी भी तरह की लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Exit mobile version