भोपाल। शासकीय होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय और यूनानी चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं का विस्तार किया जाएगा। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों के लिए उचित दर पर प्राइवेट रूम उपलब्ध कराए जाएंगे। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय की कार्यकारिणी समिति की बैठक में यह निर्देश दिए।
बैठक पं. खुशीलाल आयुर्वेद संस्थान के कांफ्रेंस हॉल में हुई। इसमें होम्योपैथिक कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग में डेटा विश्लेषण और शोध के लिए ऑनलाइन वेबसाइट विकसित करने की सहमति दी गई। ओटी, ओपीडी और जांच लैब के लिए आवश्यक उपकरण खरीदने को भी सैद्धांतिक मंजूरी दी गई।
कॉलेज के नेत्र रोग विभाग का उन्नयन और आधुनिकीकरण किया जाएगा। मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए उपकरण खरीदने तथा पैथोलॉजी लैब को आधुनिक बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। एनबीएच मानकों के अनुसार अस्पताल में आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने पर भी सहमति बनी।
इसके अलावा आयुष परिसर में 200 बिस्तरों वाले बालिका छात्रावास के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। कॉलेज में अग्निशमन उपकरण और ईटीपी संयंत्र स्थापित करने के प्रस्ताव को भी सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। संभागायुक्त ने कहा कि होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है, इसलिए अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं और सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
