भोपाल। जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गुरुवार को छात्रावास अधीक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य भगत सिंह नेताम ने की।
बैठक में छात्रावासों में विद्यार्थियों के प्रवेश, निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन, भवनों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। छात्रावासों में कार्यरत श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाने, अनुसूचित जाति छात्रावासों की एंटाइटलमेंट राशि और विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति दर में वृद्धि के मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
छात्रावास भवनों की मरम्मत समय-सीमा में कराने, जरूरत के अनुसार नए छात्रावास भवनों का निर्माण एवं संचालन शुरू करने और छात्रावास अधीक्षकों के लिए आवास बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक और आवासीय सुविधाओं में सुधार के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर सहमति बनी।
इस दौरान सहायक आयुक्त प्रशांत आर्य, मंडल संयोजक संजय गौतम सहित विभाग के छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।
