भोपाल। भोपाल संभाग के विभिन्न राजस्व कार्यालयों के औचक निरीक्षण में कार्यप्रणाली और राजस्व संबंधी कामकाज में कमियां सामने आई हैं। इन पर संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
संभागायुक्त के निर्देश पर उपायुक्त (राजस्व) ने भोपाल और विदिशा जिले के विभिन्न राजस्व कार्यालयों का अलग-अलग तारीखों में निरीक्षण किया। इसमें भोपाल के शहर वृत्त, एमपी नगर और संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) के एसडीओ एवं तहसीलदार कार्यालय शामिल रहे। वहीं विदिशा जिले के नटेरन, लटेरी एसडीओ एवं तहसीलदार कार्यालय और पठारी तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालयों की कार्यप्रणाली और राजस्व संबंधी कार्यों में मिली कमियों को गंभीरता से लिया गया। संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर कमियों के संबंध में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संभागायुक्त ने राजस्व कार्यालयों में पारदर्शिता, समयबद्ध कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की है।
