मानव तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार के लिए पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण

रेस्क्यू के बाद पीड़ितों के पुनर्वास और सुरक्षा पर जोर, अपराधियों की हर कड़ी की जांच करने के निर्देश

भोपाल। मानव दुर्व्यापार के बढ़ते और बदलते स्वरूप पर प्रभावी कार्रवाई के लिए मध्यप्रदेश पुलिस की महिला सुरक्षा शाखा ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में एक दिवसीय प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया। इसमें डीएसपी से आरक्षक स्तर तक के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मानव तस्करी के नेटवर्क की पहचान, पीड़ितों के रेस्क्यू, साक्ष्य जुटाने और प्रभावी विवेचना के तरीके बताए गए।

विशेष पुलिस महानिदेशक महिला सुरक्षा अनिल कुमार ने कहा कि मानव दुर्व्यापार के मामलों में केवल सामने आए आरोपी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की जांच जरूरी है। इसमें पीड़ितों की भर्ती करने, उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने, ठिकाने उपलब्ध कराने और शोषण में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाकर साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाए।

एआईजी बीना सिंह ने जबरन श्रम, घरेलू शोषण, बच्चों से भीख मंगवाने और नौकरी का झांसा देकर तस्करी करने जैसे मामलों की पहचान पर जानकारी दी। उन्होंने होटल, लॉज, स्पा सेंटर और घरेलू कामगार एजेंसियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा ऑनलाइन अपराधों में डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित करने की जरूरत बताई।

राष्ट्रीय विधि संस्थान विश्वविद्यालय भोपाल की प्रोफेसर डॉ. प्रिया सिपाहा ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी पीड़ित को रेस्क्यू कराने तक सीमित नहीं है। उसकी सुरक्षा, सम्मान, मानसिक स्थिति, पुनर्वास और भविष्य का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने पूछताछ के दौरान संवेदनशील व्यवहार, पहचान गोपनीय रखने और पीड़ित की पारिवारिक परिस्थितियों का आकलन करने पर जोर दिया।

सेमिनार में भारतीय न्याय संहिता, पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम और बंधुआ श्रम से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों ने पुलिस, प्रशासन, श्रम विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच समन्वय को मानव तस्करी रोकने के लिए जरूरी बताया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा शाखा के वरिष्ठ अधिकारी, कानूनी विशेषज्ञ और फ्रीडम एनजीओ के प्रतिनिधि शामिल हुए।

Exit mobile version