पलासी जैन मंदिर में जन्म कल्याणक पर बरसे प्रतीकात्मक रत्न

इंद्र-इंद्राणियों ने की भक्ति, बालक आदिकुमार के जन्म का किया मंचन

भोपाल। पलासी स्थित धर्मनाथ जिनालय में पाषाण से भगवान बनने के अनुष्ठान के तहत जन्म कल्याणक की पूजा-अर्चना की गई। आचार्य श्री समय सागर महाराज के शिष्य मुनि विनीत सागर महाराज सहित संतों के सानिध्य में हुए आयोजन में इंद्र-इंद्राणियों ने भक्ति और आराधना की। इस दौरान बालक आदिकुमार के जन्म से जुड़े प्रसंगों का मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि अनुष्ठान में सौधर्म इंद्र डॉ. देवांश और इंद्राणी डॉ. हर्षिता जैन ने बालक आदिकुमार को 1008 नेत्रों से निहारने की धार्मिक क्रिया की। वहीं कुबेर के पात्र राजीव और ऋचा ने प्रतीकात्मक रूप से रत्नों की वर्षा की। इस अलौकिक दृश्य के मंचन के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भाग लिया।

आयोजन में महायज्ञनायक अभिषेक और अलका जैन, ईशान इंद्र नवीन जैन, सनत इंद्र नरेंद्र जैन, भरत चक्रवर्ती रोहित, संयम जैन तथा राजा सोम के रूप में आयुष और सोनाली ने प्रभु की आराधना की। आज तप कल्याणक की धार्मिक क्रियाएं संपन्न होंगी।

Exit mobile version