अमृत भारत स्टेशन योजना से बदली शिवपुरी रेलवे स्टेशन की तस्वीर, 22 करोड़ रुपये से हुआ आधुनिक पुनर्विकास

भोपाल। मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी शिवपुरी का रेलवे स्टेशन अब अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए स्वरूप में विकसित हो गया है। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के अंतर्गत आने वाले इस स्टेशन का लगभग 22 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है, जिसमें स्थानीय कला और संस्कृति की झलक के साथ आधुनिक यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है।
शिवपुरी रेलवे स्टेशन क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच का महत्वपूर्ण केंद्र है। स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन परिसर के सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, प्लेटफॉर्म पर कवर ओवर शेड का निर्माण एवं विस्तार, स्टेशन भवन के अग्रभाग और आंतरिक हिस्सों का आधुनिकीकरण किया गया है। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्रतीक्षालय, आधुनिक शौचालय और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।
स्टेशन पर नया फुट ओवर ब्रिज और आधुनिक स्टेशन भवन भी बनाया गया है। साथ ही बुकिंग काउंटरों को अधिक सुविधाजनक बनाया गया है। दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन को दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है, जहां रैंप, टैक्टाइल पाथ और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की गई है, जिससे स्टेशन का स्वरूप और अधिक आकर्षक हो गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित नया शिवपुरी रेलवे स्टेशन आधुनिक भारत की बदलती रेल अधोसंरचना का उदाहरण है। यह स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और आवागमन को भी नई गति प्रदान करेगा।





