आचारपुरा बंजारा बस्ती के लोगों ने मकान नहीं हटाने की मांग की

जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट के साथ पहुंचे महिला-पुरुष और बच्चे
-विस्थापन की स्थिति में दूसरी जगह जमीन देने की मांग
नवभारत संवाददाता
भोपाल, 27 अक्टूबर. ग्राम पंचायत आचारपुरा की बंजारा बस्ती के निवासी मंगलवार, 27 अक्टूबर को अपने मकानों को हटाने से रोकने की मांग लेकर जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे. जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट के साथ पहुंचे महिला-पुरुषों और बच्चों ने जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी इला तिवारी के नाम ज्ञापन सौंपा. सीईओ जनसुनवाई में व्यस्त होने के कारण कार्यालय में मौजूद नहीं थीं. इस वजह से ज्ञापन एसीओ शिव शंकर पांसे को दिया गया. जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट ने बताया कि उनके जिला पंचायत वार्ड की ग्राम पंचायत आचारपुरा स्थित बंजारा बस्ती में समाज के लोग तीन-चार पीढिय़ों से रह रहे हैं. इन परिवारों का मुख्य काम पत्थर तोडऩा और मजदूरी करना है. उन्होंने बताया कि बस्ती के लोगों को मकान हटाने के नोटिस दिए गए हैं. इससे परिवारों के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है. जाट ने मांग की कि बंजारा समाज के लोगों को उनके मौजूदा स्थान से नहीं हटाया जाए. यदि सरकार उन्हें वहां से हटाने का निर्णय लेती है, तो पहले उनके रहने के लिए दूसरी जगह जमीन उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने परिवारों के लिए मकान बनाकर सिर छिपाने की व्यवस्था कर सकें. ज्ञापन देने के दौरान बंजारा समाज के लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं और मकानों को हटाने की कार्रवाई रोकने की मांग की. इस अवसर पर मुकेश बंजारा, जगदीश नाथ, मानसिंह, कनीराम सहित समाज के महिला-पुरुष और बच्चे उपस्थित रहे.



