भोपाल में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, दो वाहनों से 27 बोतल विदेशी मदिरा जब्त

घोड़ा नक्काश और पीएंडटी चौराहे के पास कार्रवाई, होटल-ढाबों में देर रात तक शराब पिलाने वालों पर भी केस दर्ज
भोपाल। जिले में अवैध शराब के परिवहन और देर रात तक शराब पिलाने के मामलों पर आबकारी विभाग ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की। अलग-अलग टीमों ने दोपहिया वाहनों से विदेशी मदिरा जब्त की। इसके अलावा बैरागढ़ और करोंद क्षेत्र में होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों की जांच कर नियमों के उल्लंघन पर प्रकरण दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी अर्चना जैन की टीम ने घोड़ा नक्काश निवासी चंचल साहू के पास से होंडा एक्टिवा वाहन (एमपी-04-जेडए-6230) में अवैध रूप से विदेशी मदिरा ले जाते हुए कार्रवाई की। घर की तलाशी के दौरान भी मदिरा मिली। टीम ने कुल 15 बोतल विदेशी मदिरा और वाहन जब्त किया। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) और 45 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। जब्त वाहन और शराब की अनुमानित कीमत 80,500 रुपये बताई गई है।
दूसरी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी शरद मिश्रा की टीम ने पीएंडटी चौराहे के पास की। यहां ज्यूपिटर दोपहिया वाहन से 12 बोतल विदेशी मदिरा जब्त की गई। वाहन और शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 500 रुपये बताई गई है। इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
विभाग की टीमों ने बैरागढ़ और करोंद क्षेत्र में भी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों की जांच की। सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रीति उइके और उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीमों ने नियमों का उल्लंघन करने और अवैध रूप से शराब पिलाने के मामलों में कार्रवाई की। विभाग ने संबंधित संचालकों को देर रात तक नियमों के विरुद्ध शराब नहीं परोसने की चेतावनी भी दी।
यह अभियान कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश पर उपायुक्त आबकारी के.सी. अग्निहोत्री और सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र कुमार धाकड़ के मार्गदर्शन में चलाया गया। विभाग ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में गश्त, निगरानी और दबिश जारी रहेगी।





