State

क्यूटिकॉन 2026 में एम्स भोपाल के त्वचा रोग विभाग को दो पुरस्कार

डॉ. तनुजा ठाकुर को शोध प्रस्तुति में पहला और डॉ. धनुष पी को पोस्टर प्रस्तुति में तीसरा स्थान; डॉ. मनीष खंडारे ने दिया व्याख्यान

भोपाल। एम्स भोपाल के त्वचा रोग विभाग ने जबलपुर में आयोजित 31वें वार्षिक आईएडीवीएल क्यूटिकॉन 2026 सम्मेलन में दो पुरस्कार हासिल किए। विभाग की जूनियर रेजिडेंट डॉ. तनुजा ठाकुर को शोध पत्र प्रस्तुति में प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि जूनियर रेजिडेंट डॉ. धनुष पी ने पोस्टर प्रस्तुति में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मनीष खंडारे को भी सम्मेलन में व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था।

डॉ. तनुजा ठाकुर ने गंभीर स्टेरॉयड-निर्भर टाइप-2 रिएक्शन में तोफासिटिनिब दवा की सुरक्षा और प्रभावशीलता पर शोध प्रस्तुत किया। सम्मेलन की अवॉर्ड पेपर श्रेणी में उनके शोध को पहला स्थान मिला। वहीं, डॉ. धनुष पी की पोस्टर प्रस्तुति को तीसरा पुरस्कार दिया गया।

त्वचा रोगों के आधुनिक उपचार पर व्याख्यान

डॉ. मनीष खंडारे ने *क्लिनिकल त्वचा रोग चिकित्सा में स्मॉल मॉलिक्यूल्स* विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने त्वचा रोगों के उपचार में प्रिसिजन मेडिसिन यानी मरीज की जरूरत के अनुसार सटीक इलाज पर आयोजित परिचर्चा का संचालन भी किया। इसमें विशेषज्ञों ने त्वचा की विभिन्न बीमारियों के इलाज में हो रही नई प्रगति और उसके इस्तेमाल पर चर्चा की।

एम्स भोपाल के त्वचा रोग विभाग की इन उपलब्धियों से सम्मेलन में संस्थान के शोध और शैक्षणिक कार्यों को पहचान मिली। विभाग में मरीजों के उपचार के साथ शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Related Articles