State

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आज 700 किलो एनालॉग पनीर जब्त किया

भोपाल। दीपावली से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में भोपाल में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे रेलवे स्टेशन के बाहर मुरैना से लाया गया 700 किलो से अधिक एनालॉग पनीर जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बताई गई है।

नियंत्रक मनोज पुष्प के मार्गदर्शन और भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने यह कार्रवाई की। जब्त पनीर के संबंध में विभागीय अधिकारियों ने बिल्टी और बिल के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दीपावली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटी और मानकों के विपरीत खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विभाग की टीमें लगातार जांच कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles