
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बोले— महिलाओं के अधिकार, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों को मिलेगी मजबूती
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मध्यप्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पारित होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को बधाई देते हुए इसे राज्य के इतिहास का ऐतिहासिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने यूसीसी लागू कर सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि यूसीसी महिलाओं और बेटियों को समाज में सुरक्षा तथा समान अधिकार दिलाने में सहायक होगा। उनके अनुसार, यह कानून सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और पारदर्शी कानूनी व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि यूसीसी विधेयक पारित होने से मध्यप्रदेश ने समान न्याय और समान अधिकारों की भावना को साकार किया है। उनके अनुसार, कानून के तहत लिव-इन रिलेशनशिप का एक माह के भीतर पंजीकरण अनिवार्य होगा तथा नियमों के उल्लंघन पर दंड का प्रावधान है। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय समुदाय को यूसीसी के दायरे से बाहर रखा गया है और उनकी परंपराओं एवं संस्कृति से कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समान नागरिक संहिता संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों की भावना के अनुरूप सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दावा किया कि इससे विशेष रूप से महिलाओं को न्याय मिलने में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने में मदद मिलेगी और उनके अधिकारों की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित होगी।





