State

दिवाली पर 2790 होमगार्ड सैनिकों को सरकार की सौगात, गृह जिले में पदस्थापना का मिलेगा मौका

प्रथम नामांकित जिले में वापसी के लिए एक बार की विशेष छूट, ऑनलाइन करना होगा आवेदन; पदों की उपलब्धता के आधार पर होगा तबादला

भोपाल, 6 नवंबर। मध्यप्रदेश सरकार ने होमगार्ड सैनिकों को दिवाली पर राहत देते हुए उन्हें अपने प्रथम नामांकित जिले में पदस्थापना का अवसर देने का निर्णय लिया है। इसके तहत वर्ष 2018 की विशेष भर्ती से नामांकित 2790 होमगार्ड सैनिकों को लाभ मिलेगा। लंबे समय से दूसरे जिलों में सेवाएं दे रहे सैनिक अब अपने गृह जिले में वापसी के लिए आवेदन कर सकेंगे।

डीजी होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि सिंहस्थ-2016 भर्ती के बाद वर्ष 2018 में विशेष भर्ती के माध्यम से सैनिकों का नामांकन किया गया था। उस समय प्रथम नामांकित जिलों में पद रिक्त नहीं होने के कारण कई सैनिकों को दूसरे जिलों में पदस्थ किया गया था।

अब राज्य शासन ने मध्यप्रदेश होमगार्ड नियम, 2016 के प्रावधानों में एक बार के लिए विशेष छूट देने का निर्णय लिया है। इसके तहत पात्र सैनिक निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन कर अपने प्रथम नामांकित जिले में पदस्थापना का अनुरोध कर सकेंगे। संबंधित जिला इकाइयों में उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर नियमानुसार पदस्थापना परिवर्तन किया जाएगा।

परिवार से दूर रह रहे सैनिकों को मिलेगी राहत

डीजी होमगार्ड ने बताया कि इस फैसले से लंबे समय से अपने परिवार से दूर रहकर ड्यूटी कर रहे सैनिकों को गृह जिले में सेवा देने का मौका मिलेगा। इससे वे अपने पारिवारिक दायित्व भी बेहतर तरीके से निभा सकेंगे। सरकार के इस निर्णय पर होमगार्ड संगठन और सैनिकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया है। सैनिकों का कहना है कि दिवाली पर मिला यह फैसला उनके परिवारों के लिए भी खुशी की सौगात है।

Related Articles