मनुआभान टेकरी के सुनसान रास्ते पर एमडी ड्रग्स बेचने पहुंचा आरोपी गिरफ्तार

कोहेफिजा पुलिस ने 5.30 ग्राम मादक पदार्थ किया जब्त, कीमत करीब 30 हजार रुपये; पूछताछ में दोस्त से ड्रग्स लाने और आसपास के इलाकों में बेचने की बात बताई
भोपाल। कोहेफिजा पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के आरोप में 38 वर्षीय राकेश यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार छोटे पैकेट में रखी करीब 5.30 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है। इसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को 5 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर मनुआभान टेकरी जाने वाले सुनसान रास्ते से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए थाना क्षेत्र के स्नूकर क्लब, हुक्का बार, बीयर बार, रेस्टोरेंट, पावर लिफ्टिंग जिम और पहले से चिह्नित स्थानों पर निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक युवक मनुआभान टेकरी के रास्ते पर एमडी ड्रग्स बेचने के लिए खड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर राकेश यादव को पकड़ लिया।
आरोपी इंद्र विहार कॉलोनी, लालघाटी, एयरपोर्ट रोड का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने बुधवारा निवासी अपने दोस्त यश यादव से ड्रग्स लाने और इंद्र विहार, सनसिटी तथा सीटीओ के आसपास नशे के आदी लोगों को बेचने की बात बताई है। उसने खुद भी कभी-कभी एमडी ड्रग्स का सेवन करने की जानकारी दी है। पुलिस अब ड्रग्स खरीदने और बेचने से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।
इस मामले में कोहेफिजा थाने में अपराध क्रमांक 807/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को पुलिस रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।





