State

भोपाल मंडल में अब तक बने 353 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, पेंशनरों को शिविरों में मिलेगी सुविधा

30 नवंबर तक चलेगा अभियान, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच के साथ साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी भी दी जा रही

भोपाल। रेल पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों की सुविधा के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में राष्ट्रीय डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 चलाया जा रहा है। 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत अब तक 353 डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार किए जा चुके हैं। पेंशनरों को प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया समझाने के साथ तकनीकी सहायता भी दी जा रही है।

अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इनमें पेंशनरों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जा रही है और साइबर धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए जा रहे हैं। मंडल के कल्याण निरीक्षक भी रेलवे स्टेशनों पर पहुंचकर पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने में मदद कर रहे हैं।

यहां लगेंगे विशेष शिविर

मंडल रेल चिकित्सालय, निशातपुरा में 1 से 30 नवंबर तक कार्यदिवसों में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक शिविर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा 5 नवंबर को पॉलीक्लीनिक हबीबगंज, 12 नवंबर को डीजल शेड इटारसी, 19 नवंबर को उप-मंडलीय रेलवे चिकित्सालय बीना और 26 नवंबर को उप-मंडलीय रेलवे चिकित्सालय गुना में शिविर आयोजित किए जाएंगे।

शिविर में आने वाले पेंशनरों को आधार कार्ड, मूल पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ), पेंशन खाते की बैंक पासबुक और आधार व बैंक खाते से जुड़ा सक्रिय मोबाइल फोन साथ लाना होगा।

रेलवे के अनुसार, आधार आधारित डिजिटल प्रक्रिया से पेंशनर घर बैठे या नजदीकी शिविर में जीवन प्रमाण पत्र बनाकर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। इससे उन्हें हर साल प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बार-बार बैंक या संबंधित कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रेलवे प्रशासन ने पेंशनरों से अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर अभियान का लाभ लेने की अपील की है।

Related Articles