भोपाल। बारिश के मौसम में दूषित पेयजल की बढ़ती शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग ने जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला में आम नागरिकों के लिए भी पानी की गुणवत्ता जांच की सुविधा उपलब्ध करा दी है। अब लोग अपने घरों के पेयजल की जांच कराकर उसकी प्रमाणित रिपोर्ट प्राप्त कर सकेंगे।
पीएचई विभाग के अनुसार यह सुविधा शासकीय एवं निजी संस्थानों के साथ-साथ आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध रहेगी। निर्धारित शुल्क जमा कर जल नमूनों की जांच कराई जा सकती है।
विभाग ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए जल नमूना परीक्षण का शुल्क 600 रुपये प्रति नमूना निर्धारित किया गया है। वहीं व्यावसायिक एवं संस्थागत उपयोग के लिए, जिसमें शासकीय एवं निजी अस्पताल, विद्यालय, नगर निगम, नगर पालिका, निजी संस्थान और होटल शामिल हैं, जल नमूना परीक्षण का शुल्क 1,550 रुपये प्रति नमूना तय किया गया है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने नागरिकों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे अपने पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला में पानी के नमूनों की जांच कराएं और प्रमाणित रिपोर्ट प्राप्त करें। विभाग का कहना है कि समय पर पानी की जांच कराने से दूषित पेयजल से होने वाली बीमारियों की रोकथाम में मदद मिलेगी।