State

भोपाल मंडल में तत्काल टिकट के लिए नई टोकन व्यवस्था 1 अगस्त से लागू, परिवार के लिए बुकिंग को मिलेगी पहली प्राथमिकता

भोपाल। यात्रियों को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित तत्काल आरक्षण सुविधा उपलब्ध कराने तथा दलालों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने तत्काल टिकट के लिए नई टोकन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 1 अगस्त 2026 से भोपाल मंडल के सभी आरक्षण केंद्रों पर प्रभावी होगी।

नई व्यवस्था के तहत एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 8:30 बजे से 9:00 बजे तक और नॉन-एसी तत्काल टिकट के लिए सुबह 9:00 बजे से 9:30 बजे तक टोकन वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक आरक्षण काउंटर पर एसी श्रेणी के लिए अधिकतम 10 और नॉन-एसी श्रेणी के लिए 15 टोकन जारी किए जाएंगे। हालांकि, भीड़ और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार सक्षम अधिकारी इनकी संख्या में बदलाव कर सकेंगे।

दो श्रेणियों में मिलेगा टोकन

नई व्यवस्था में यात्रियों को दो प्राथमिकता श्रेणियों में रखा गया है।

प्राथमिकता ‘ए’ में वे यात्री शामिल होंगे जो स्वयं या अपने निकट परिजनों—दादा-दादी, माता-पिता, भाई-बहन, पुत्र-पुत्री अथवा पति-पत्नी—के लिए तत्काल टिकट बुक कराएंगे। इसके लिए स्वप्रमाणित आधार कार्ड या रेलवे द्वारा मान्य पहचान पत्र तथा आवश्यक होने पर पारिवारिक संबंध का दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा।

प्राथमिकता ‘बी’ में अन्य सभी यात्री आएंगे। इस श्रेणी में आवेदन करने वाले प्रतिनिधि और जिस यात्री के लिए टिकट लिया जा रहा है, दोनों के स्वयं सत्यापित पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

पहले ‘ए’ श्रेणी, फिर ‘बी’ श्रेणी के यात्रियों को मिलेगा मौका

रेलवे के अनुसार पहले प्राथमिकता ‘ए’ श्रेणी के सभी टोकनधारकों का आरक्षण कार्य पूरा किया जाएगा। इसके बाद ही ‘बी’ श्रेणी के यात्रियों को काउंटर पर अवसर मिलेगा। प्रत्येक टोकन पर संबंधित काउंटर नंबर अंकित रहेगा और उसका रिकॉर्ड रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, जिससे एक व्यक्ति द्वारा बार-बार टोकन लेने या दलालों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि टोकन हस्तांतरणीय नहीं होगा और टोकन प्राप्त करने वाला व्यक्ति ही संबंधित काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकेगा। सभी टोकनधारकों का कार्य पूरा होने के बाद यदि सीटें उपलब्ध रहती हैं तो तत्काल टिकट की बुकिंग पहले की तरह “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर की जाएगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि यह व्यवस्था यात्रियों को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक आरक्षण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें और किसी भी अनधिकृत दलाल या बिचौलिए से दूरी बनाए रखें।

Related Articles