State

नवीन हुजूर तहसील भवन का लोकार्पण, 7.44 करोड़ की लागत से बना आधुनिक कार्यालय

भोपाल। राजधानी भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को नवीन हुजूर तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। भवन का उद्घाटन हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने किया। करीब 7 करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन में अब एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे आम नागरिकों को राजस्व संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।

नवीन भवन के निर्माण में दो वर्ष से अधिक समय लगा। हालांकि इसे फरवरी 2026 तक पूरा किया जाना था, लेकिन निर्माण कार्य लगभग चार माह की देरी से पूरा हुआ। उद्घाटन समारोह में एडीएम सुमित कुमार पांडेय (आईएएस), अपर कलेक्टर महेंद्र सिंह कवचे, एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया, तहसीलदार कुनाल राउत और तहसीलदार अतुल शर्मा सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

शुक्रवार से शुरू होगा काम

एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि शुक्रवार से नवीन तहसील भवन में नियमित कार्य शुरू हो जाएगा। पुराने सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय से फाइलें, कंप्यूटर और अन्य अभिलेख चरणबद्ध तरीके से नए भवन में स्थानांतरित किए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पुराने भवन की जर्जर स्थिति बनी थी चिंता

पुराने सचिवालय स्थित तहसील कार्यालय की जर्जर स्थिति लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई थी। कुछ समय पहले एसडीएम चेंबर की छत का प्लास्टर गिरने से बड़ा हादसा टल गया था। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर उस चेंबर को बंद कर दिया गया था और एसडीएम के लिए गैलरी में अस्थायी चेंबर बनाकर कार्य संचालित किया जा रहा था।

नए भवन के शुरू होने से न केवल अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, बल्कि आम नागरिकों को भी आधुनिक और सुव्यवस्थित सुविधाओं के साथ राजस्व सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Related Articles