State

12 जुलाई से शुरू होगी नान्देड–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस, भोपाल मंडल के बीना, रानी कमलापति और इटारसी स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के यात्रियों को मिलेगा सीधा रेल संपर्क, नियमित संचालन की घोषणा

भोपाल। यात्रियों की सुविधा और विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने गाड़ी संख्या 17631/17632 नान्देड–टनकपुर–नान्देड साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 12 जुलाई 2026 से नान्देड और 14 जुलाई 2026 से टनकपुर से अपने निर्धारित समयानुसार नियमित रूप से चलेगी।

यह नई साप्ताहिक एक्सप्रेस पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के इटारसी, रानी कमलापति और बीना स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहराव करेगी, जिससे मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी इस सेवा का लाभ मिलेगा।

नान्देड से प्रत्येक रविवार चलेगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 17631 नान्देड–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक रविवार को रात 11:40 बजे नान्देड से रवाना होगी। ट्रेन पूर्णा जंक्शन, बसमत, हिंगोली, वाशिम, अकोला जंक्शन, मलकापुर, खंडवा होते हुए इटारसी स्टेशन पर दोपहर 11:55 बजे पहुंचेगी और 12:05 बजे प्रस्थान करेगी।

इसके बाद ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन पर दोपहर 1:40 बजे से 1:45 बजे तक तथा बीना स्टेशन पर अपराह्न 3:55 बजे से 4:00 बजे तक ठहराव करेगी। विभिन्न स्टेशनों से होकर यह ट्रेन अगले दिन सुबह 5:55 बजे टनकपुर पहुंचेगी।

टनकपुर से प्रत्येक मंगलवार मिलेगी सेवा

गाड़ी संख्या 17632 टनकपुर–नान्देड साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार को सुबह 9:00 बजे टनकपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन खटीमा, पीलीभीत, बरेली, कासगंज, मथुरा, आगरा कैंट, ग्वालियर और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी होते हुए मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

इसके बाद ट्रेन बीना स्टेशन पर रात्रि 12:50 बजे से 12:53 बजे तक, रानी कमलापति स्टेशन पर रात 2:40 बजे से 2:50 बजे तक तथा इटारसी स्टेशन पर सुबह 4:15 बजे से 4:20 बजे तक रुकेगी। आगे खंडवा, अकोला, वाशिम, हिंगोली और पूर्णा जंक्शन होते हुए ट्रेन शाम 4:30 बजे नान्देड पहुंचेगी।

यात्रियों को मिलेगा बेहतर रेल संपर्क

इस नई साप्ताहिक एक्सप्रेस के नियमित संचालन से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा। विशेष रूप से भोपाल मंडल के यात्रियों को इटारसी, रानी कमलापति और बीना स्टेशनों से सीधे इस ट्रेन की सुविधा मिलेगी, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुगम होगी।

Related Articles