विज्ञापन शुल्क बकाया पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, ग्रेसफुल इंडिया ब्लैकलिस्ट; ₹28.54 लाख की बैंक गारंटी जब्त

भोपाल, 27 जुलाई। नगर निगम भोपाल ने विज्ञापन शुल्क की बकाया राशि वसूलने के लिए सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विज्ञापन एजेंसी मेसर्स ग्रेसफुल इंडिया को ब्लैकलिस्ट कर दिया। निगम ने एजेंसी की ₹28.54 लाख की बैंक गारंटी जब्त कर राजसात कर ली, साथ ही अयोध्या बायपास रोड पर आवंटित उसके पांच यूनीपोल हटाकर जब्त कर लिए।

नगर निगम की होर्डिंग शाखा के अनुसार, एजेंसी पर लंबे समय से विज्ञापन शुल्क बकाया था। भुगतान के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद निगम ने अनुबंध की शर्तों के तहत बैंक गारंटी जब्त करने और एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की।

निविदा के माध्यम से मिला था यूनीपोल का अधिकार

नगर निगम ने निविदा प्रक्रिया के जरिए विभिन्न विज्ञापन एजेंसियों को शहर के यूनीपोल पर विज्ञापन प्रदर्शित करने का अधिकार दिया था। इसी प्रक्रिया के तहत मेसर्स ग्रेसफुल इंडिया को अयोध्या बायपास रोड पर पांच यूनीपोल आवंटित किए गए थे। एजेंसी को तय समय पर विज्ञापन शुल्क जमा करना था, लेकिन भुगतान नहीं होने पर निगम ने कार्रवाई की।

राजस्व वसूली में सख्ती

नगर निगम का कहना है कि शहर में विज्ञापन स्थलों से मिलने वाले राजस्व की वसूली को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकाया राशि नहीं चुकाने वाली एजेंसियों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version