भोपाल। नगर निगम की फायर शाखा ने गुरुवार को एमपी नगर जोन-2 स्थित कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के दौरान पूर्व में जारी किए गए नोटिसों के पालन की समीक्षा की गई।
कार्रवाई के दौरान भोपाल एकेडमी द्वारा अग्नि सुरक्षा संबंधी नोटिस का निर्धारित समय में जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर नगर निगम ने संस्थान को सील कर दिया।
वहीं स्टेप अप नेट, मिंटोरा और ला पेग कोचिंग संस्थानों के संचालकों ने जवाब प्रस्तुत करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा। इस पर नगर निगम ने उन्हें दो-दो दिन की मोहलत प्रदान की।
इसी दौरान जब फायर शाखा की टीम आकाश कोचिंग क्लासेस को सील करने पहुंची, तो संचालक ने तत्काल शपथ पत्र के माध्यम से अपना जवाब प्रस्तुत कर दिया। जवाब मिलने के बाद नगर निगम ने संस्थान को सील करने की प्रस्तावित कार्रवाई निरस्त कर दी।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के सभी कोचिंग संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
