भोपाल, 13 जुलाई। भोपाल नगर निगम ने शहरभर में अतिक्रमण और अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने जिला प्रशासन के साथ मिलकर अवधपुरी स्थित विद्यासागर क्षेत्र में छह दुकानों को खाली कराकर उन पर तालाबंदी (सीलिंग) की कार्रवाई की।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर सोमवार को निगम के अमले ने सीएम हेल्पलाइन, कॉल सेंटर और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध झुग्गियां, बांस-बल्ली के टपरे, छप्पर, नालियों पर बने चबूतरे, लोहे की जालियां, अवैध गुमटियां तथा फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
अभियान के तहत भदभदा क्षेत्र में चार अवैध झुग्गियां हटाई गईं। जेपी नगर-चांदबड़ कपड़ा मिल क्षेत्र में नालियों पर बने अवैध चबूतरे तोड़े गए। टीला जमालपुरा से सड़क पर पड़ा रेत और गिट्टी हटाया गया, जबकि न्यू सुभाष नगर और भानपुर शिव नगर में अवैध छप्पर और टपरे हटाए गए।
निगम ने अवधपुरी तुलसी विहार कॉलोनी और अवधपुरी चौराहे से आवागमन में बाधा बन रहे वाहनों को हटाया। साथ ही शाहपुरा, कोलार तिराहा, एमपी नगर, रविंद्र भवन, भोपाल टॉकीज, बैरागढ़ सहित कई क्षेत्रों में फुटपाथों और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान निगम ने 10 ठेले, एक लोहे की बेंच, दो तिरपाल और आधा ट्रक पत्थर सहित अन्य सामान जब्त किया। नगर निगम ने बताया कि शहर में यातायात सुगम बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
