बारिश शुरू होने के बाद भी अधूरे सफाई कार्य पर जताई चिंता, राजस्व वसूली और अवैध निर्माण रोकने के निर्देश
भोपाल। मानसून की दस्तक के बीच शहर में नाले-नालियों की सफाई का काम पूरा नहीं होने पर नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने नाराजगी जताई है। नगर निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित समय-सीमा कार्यों की समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम की सभी प्रमुख शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। निगमायुक्त ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की और बारिश से पहले जरूरी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
नाले-नालियों की सफाई अधूरी, स्वास्थ्य विभाग को निर्देश
समीक्षा के दौरान सामने आया कि शहर के कई क्षेत्रों में नाले और नालियों की सफाई का कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है, जबकि बारिश की शुरुआत हो चुकी है। इस पर निगमायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति से बचने के लिए नाले-नालियों की सफाई का काम जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में जल निकासी की समस्या नहीं आनी चाहिए और आपदा जैसी स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखी जाए।
कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी जांच के निर्देश
बैठक में शहर के कोचिंग सेंटरों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने फायर शाखा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच की जाए।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
राजस्व वसूली में लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने राजस्व विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, लेकिन अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व वसूली में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए और बकाया राशि की वसूली में तेजी लाई जाए।
अवैध निर्माण और बिना अनुमति अतिरिक्त निर्माण पर सख्ती
निगमायुक्त ने भवन अनुज्ञा शाखा के कामकाज की समीक्षा करते हुए शहर में हो रहे अवैध निर्माणों पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति निर्माण और स्वीकृत नक्शे के विपरीत किए जा रहे अतिरिक्त निर्माणों की नियमित जांच की जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन भवनों को निर्माण अनुमति दी गई है, उनका मौके पर निरीक्षण करने के बाद ही कंप्लीशन प्रमाण पत्र जारी किया जाए। इससे अवैध निर्माणों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
निगमायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और लंबित कार्यों को समय सीमा में पूरा किया जाए।