जनसुनवाई में पटवारी के खिलाफ शिकायत, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कराने का आरोप

भोपाल कलेक्टर कार्यालय में 120 आवेदन मिले, अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर किया निराकरण

भोपाल, 11 अगस्त। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर के निर्देशन में हुई जनसुनवाई में अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न मामलों से जुड़े 120 आवेदन प्राप्त हुए। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में एडीएम सुमित पांडेय, महेंद्र कवचे, पीसी शाक्य और प्रकाश नायक सहित अन्य अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं।

ड्रेन बंद करने से जलभराव की शिकायत

ग्राम डोबरा निवासी राजकुमार शर्मा ने एडीएम सुमित कुमार पांडेय को शिकायत करते हुए बताया कि उनके एसएस सेल्स एंड सर्विस पेट्रोल पंप के पास बारिश के पानी की निकासी के लिए बनी ड्रेन को पड़ोसी उमेद सिंह अहिरवार द्वारा कोपरा, मुरम और बोल्डर डालकर बंद कर दिया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार ड्रेन बंद होने से बारिश के पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और पेट्रोल पंप परिसर के साथ मुख्य मार्ग पर भी जलभराव की स्थिति बन रही है। उन्होंने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए स्थल निरीक्षण कराने, अतिक्रमण हटाने और ड्रेन की सफाई कर जल निकासी सुचारू कराने की मांग की। एडीएम ने संबंधित अधिकारी को मामले का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।

पटवारी पर शासकीय भूमि से जुड़े मामले में आरोप

ग्राम खजूरी कला निवासी किसान कुबेर सिंह राजपूत ने जनसुनवाई में पटवारी किशन सिंह के खिलाफ शिकायत की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शासकीय भूमि और नाले के मार्ग में बदलाव कर भू-माफिया को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

कुबेर सिंह के अनुसार, तीरथ शर्मा द्वारा पूर्व में शासकीय नाले की जमीन पर किए गए कथित अवैध कब्जे को प्रशासन ने हटाया था। अब दोबारा सड़क किनारे शासकीय भूमि पर बाउंड्री और चादर शेड बनाकर कब्जा किए जाने का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने कहा कि नाले का प्राकृतिक मार्ग बदलने से बारिश के दौरान खेतों में पानी भरने और फसल खराब होने की आशंका है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जनसुनवाई के दौरान संबंधित अधिकारी को मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Exit mobile version