MIT-WPU ने शुरू किया ‘हाफीज कॉन्ट्रैक्टर स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर’, बी.आर्क. प्रवेश प्रक्रिया शुरू

पद्म भूषण आर्किटेक्ट हाफीज कॉन्ट्रैक्टर के सम्मान में स्थापित नया स्कूल, उद्योग-केंद्रित और आधुनिक वास्तुकला शिक्षा पर रहेगा फोकस

पुणे। डॉ. विश्वनाथ कराड एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (MIT-WPU) ने वास्तुकला शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से ‘हाफीज कॉन्ट्रैक्टर स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर’ की स्थापना की घोषणा की है। यह नया स्कूल भारत के प्रसिद्ध वास्तुकार और पद्म भूषण सम्मान से अलंकृत आर्किटेक्ट हाफीज कॉन्ट्रैक्टर के सम्मान में स्थापित किया गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार, इस स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक, नवाचार-आधारित और भविष्य-केंद्रित वास्तुकला शिक्षा प्रदान करना है। इसमें डिजाइन, सस्टेनेबिलिटी, तकनीकी नवाचार और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

स्कूल का प्रमुख पाठ्यक्रम बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (B.Arch.) होगा, जो पांच वर्षीय व्यावसायिक डिग्री कार्यक्रम है। विश्वविद्यालय के मुताबिक यह पाठ्यक्रम काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (CoA) के दिशा-निर्देशों और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप तैयार किया गया है। इसमें आर्किटेक्चरल डिजाइन, बिल्डिंग साइंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, अनुसंधान, व्यावसायिक अभ्यास और सस्टेनेबिलिटी को शामिल किया गया है।

विश्वविद्यालय ने बताया कि छात्रों को अत्याधुनिक डिजाइन स्टूडियो, क्लाइमेटोलॉजी और सर्वेइंग लैब, मटेरियल म्यूजियम, डिजिटल डिजाइन सुविधाएं, बिल्डिंग इंफॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), कंप्यूटेशनल डिजाइन और इमर्सिव टेक्नोलॉजी का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। साथ ही अंतरराष्ट्रीय डिजाइन स्टूडियो, उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, लाइव प्रोजेक्ट और अनिवार्य इंटर्नशिप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

स्कूल ऑफ डिजाइन के डीन डॉ. सुमन देवदुला ने कहा कि हाफीज कॉन्ट्रैक्टर स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर की स्थापना विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके अनुसार संस्थान का उद्देश्य ऐसे वास्तुकार तैयार करना है जो नवाचार, रचनात्मकता, सस्टेनेबिलिटी और व्यावहारिक ज्ञान के साथ भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप निर्माण कर सकें।

विश्वविद्यालय ने बताया कि बी.आर्क. पाठ्यक्रम के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

Exit mobile version