भोपाल, 20 जुलाई। मध्य प्रदेश वन कर्मचारी मंच ने सोमवार को वन विभाग के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाहक प्रभार पर पदस्थ वन अधिकारी एवं कर्मचारियों को यथावत उसी पद पर बनाए रखने की मांग की।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक पांडेय ने बताया कि वन विभाग में लगभग तीन वर्ष पूर्व विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारियों को कार्यवाहक प्रभार सौंपा गया था। हालांकि, विभिन्न कारणों से उन्हें नियमित पदोन्नति का लाभ अब तक नहीं मिल सका है। इससे कार्यवाहक पदों पर कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों में असंतोष का माहौल बन गया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नियमित पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी होने तक कार्यवाहक प्रभार पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वर्तमान पदों पर यथावत रखा जाए, ताकि विभागीय कार्य प्रभावित न हों और कर्मचारियों का मनोबल भी बना रहे।
वन कर्मचारी मंच के अनुसार वर्तमान में वनरक्षक से वनपाल, वनपाल से उप वनक्षेत्रपाल, उप वनक्षेत्रपाल से वनक्षेत्रपाल तथा वनक्षेत्रपाल से एसडीओ पद तक कई अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यवाहक प्रभार पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मंच ने इन सभी को नियमित पदोन्नति होने तक कार्यवाहक पदों पर बनाए रखने की मांग की है।
