एमसीयू की फिल्म ‘विद्यार्थी’ को शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल में मिला दूसरा पुरस्कार

गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन और निर्भीक पत्रकारिता पर आधारित है फिल्म, कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने टीम को दी बधाई

भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (एमसीयू), भोपाल के इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग द्वारा निर्मित फिल्म ‘विद्यार्थी’ को उज्जैनी शॉर्ट फिल्म फेस्टिवल सीजन-4 में द्वितीय पुरस्कार मिला है। उज्जैन में 24 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित इस फिल्म महोत्सव में फिल्म को फिक्शन श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।

इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने फिल्म निर्माण से जुड़ी टीम को बधाई दी। कुलगुरु के मार्गदर्शन में तैयार इस फिल्म के माध्यम से महान पत्रकार और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी के जीवन, पत्रकारिता और विचारों को प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म में गणेश शंकर विद्यार्थी की निर्भीक पत्रकारिता, उनके समाचार पत्र ‘प्रताप’ के माध्यम से ब्रिटिश शासन के अन्याय के खिलाफ संघर्ष और सामाजिक असमानता तथा सांप्रदायिक नफरत के विरोध में किए गए प्रयासों को दिखाया गया है।

फिल्म के जरिए भारतीय पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों को सिनेमाई रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। पुरस्कार मिलने से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग की अध्यक्ष प्रो. डॉ. मोनिका वर्मा, वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक राहुल खड़िया और प्रोड्यूसर डॉ. मनोज पटेल ने कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी से मुलाकात कर उन्हें पुरस्कार की जानकारी दी।

Exit mobile version