अजहर इकबाल, मणिका दुबे सहित पांच कवियों ने सुनाईं रचनाएं, साहित्य और संस्कृति के रंगों से सजा आयोजन
भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल में हिन्दी परिवार के तत्वावधान में आयोजित MCU महोत्सव–2026 का समापन साहित्यिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। गणेश शंकर विद्यार्थी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कवि सम्मेलन मुख्य आकर्षण रहा। कवियों की रचनाओं ने श्रोताओं को भावुक किया, वहीं विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु विजय मनोहर तिवारी ने की। दीप प्रज्ज्वलन के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। हिन्दी परिवार के संस्थापक ओमकार अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रख्यात कवि अजहर इकबाल, मणिका दुबे, रामायण धर द्विवेदी, सूरज राय सूरज और कर्नल संजय चतुर्वेदी ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।
अजहर इकबाल ने अपनी पंक्तियों, “खुद तुम्हें दुर्गा के अवतार में ढलना होगा, घोर कलियुग है, कन्हैया नहीं आने वाला” के माध्यम से आत्मबल और परिस्थितियों का सामना करने का संदेश दिया। मणिका दुबे की पंक्तियां “शहर के शोर में वीरानियां हैं, यहां तुम हो मगर तन्हाइयां हैं” ने श्रोताओं को भावुक कर दिया।
रामायण धर द्विवेदी ने रामभक्ति से जुड़ी रचना “व्यग्रता, अवसाद, पीड़ा सब हरेंगे राम जी” प्रस्तुत की। वहीं, सूरज राय सूरज की पंक्तियों “जिस मंदिर से भीख में मांगा था बेटा, भीख मांगती है अब मां उस मंदिर में” ने श्रोताओं को संवेदनशील विषय पर सोचने के लिए प्रेरित किया। कर्नल संजय चतुर्वेदी ने अपनी पंक्तियों “तैरने को समुद्र नहीं चाहिए, उड़ने वालों को अंबर नहीं चाहिए” से आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का संदेश दिया।
### विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
महोत्सव में विद्यार्थियों ने गायन, नृत्य, वाद्ययंत्र वादन, रैंप वॉक, अभिनय और बैंड की प्रस्तुतियां दीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। इस दौरान युवा कवि रामायण धर द्विवेदी का जन्मदिन भी मनाया गया।
हिन्दी परिवार के संस्थापक ओमकार अवस्थी ने आयोजन की सफलता के लिए कवियों, अतिथियों, विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन उद्यांश पांडे ने किया। इस अवसर पर अभिषेक राणा, मुस्कान शर्मा, यश, अन्वेय, सक्षम, राजवीर, प्रियांशी और हर्ष सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे।