न्यू मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, दो ट्रक सामान जब्त

भोपाल। न्यू मार्केट में आगजनी की घटना के बाद नगर निगम ने बाजार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को निगम मुख्यालय में अपर आयुक्त अग्नि शमन विभाग की अध्यक्षता में न्यू मार्केट व्यापारी संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई थी। इसमें बाजार की अग्नि सुरक्षा और अतिक्रमण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई थी।

बैठक के बाद बुधवार को नगर निगम के अतिक्रमण अमले और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने न्यू मार्केट में कार्रवाई की। दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:45 बजे तक चले अभियान में बाजार के व्यावसायिक क्षेत्र से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। दुकानों के बाहर और हॉकर्स द्वारा किए गए अतिक्रमण में रखा सामान जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान कुल दो ट्रक सामान जब्त कर अतिक्रमण स्टोर में जमा कराया गया।

अभियान के दौरान बाजार में फायर वाहनों का सफल आवागमन भी कराया गया, ताकि आग लगने जैसी आपात स्थिति में दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी न हो। निगम की टीम ने दुकानदारों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी भी दी। प्रशासन का उद्देश्य बाजार में रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखना और अग्निशमन व्यवस्था को बेहतर बनाना है।

Exit mobile version