भारतीय मानवाधिकार पार्टी ने रेल मंत्री से की सुविधा शुरू करने की अपील
भोपाल। भारतीय मानवाधिकार पार्टी ने वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा में मिलने वाली रियायत फिर से शुरू करने की मांग की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकनाथ चौधरी और राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष अरुण वर्मा ने रेल मंत्रालय से इस सुविधा को बहाल करने की अपील की है।
अरुण वर्मा ने कहा कि कोरोना काल से पहले वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा के किराये में रियायत मिलती थी, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान इसे बंद कर दिया गया। उस समय कोरोना काल समाप्त होने के बाद सुविधा दोबारा शुरू करने की बात कही गई थी। इसके बावजूद करीब पांच साल से अधिक समय बीतने पर भी इसे बहाल नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि रियायत बंद होने से वरिष्ठ नागरिकों को रेल यात्रा के लिए पूरा किराया देना पड़ता है, जिससे आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस कारण बुजुर्गों में असंतोष है। पार्टी का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों की आर्थिक स्थिति और जरूरतों को देखते हुए उन्हें यात्रा में राहत दी जानी चाहिए।
लोकनाथ चौधरी और अरुण वर्मा ने रेल मंत्री से मांग की कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल किराये में रियायत बहाल करने की घोषणा की जाए, ताकि उन्हें यात्रा में आर्थिक राहत मिल सके।