आदिवासी छात्रों से अभद्रता के मामले में पुलिस अधिकारी पर एफआईआर की मांग

जीतू पटवारी बोले- ‘जय जोहार’ आदिवासी समाज के सम्मान का प्रतीक, कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस करेगी कमिश्नर कार्यालय का घेराव

भोपाल। भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आदिवासी छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन के दौरान पुलिस अधिकारी पर कथित अभद्रता और जातिगत अपमान के आरोप लगे हैं। इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।

पटवारी ने 13 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान पुलिस अधिकारी द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज और जातिगत आधार पर अपमानजनक व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना नागरिकों का अधिकार है और प्रदर्शनकारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि ‘जय जोहार’ आदिवासी समाज की संस्कृति, अस्मिता और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की।

पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जो प्रदेश के गृह मंत्री भी हैं, और पुलिस महानिदेशक से मामले का संज्ञान लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय होना जरूरी है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

पटवारी ने चेतावनी दी कि यदि संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कमिश्नर कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करने की भी बात कही।

Exit mobile version