केरवा कैचमेंट में 250 मीटर बफर जोन बनाने की मांग
चंदनपुरा के वन क्षेत्र से तीन सडक़ें हटाने पर जोर
दोलतपुर और खजूरीकलां की जमीनों पर भी आपत्तियां
भोपाल, 25 नवंबर. मास्टर प्लान-2047 पर आईं दावे-आपत्तियों की सुनवाई बुधवार को लालघाटी स्थित हुजूर तहसील कार्यालय में हुई। इसमें शहर से अलग अलग लोग सुझाव और आपत्ति दर्ज कराने पहुंचे. जिसमें सबसे अधिक सडक़, कैचमेंट, टाईगर रिजर्व और ग्रीन बेल्ट को लेकर आपत्ति दर्ज कराई. सुनवाई के दौरान पर्यावरणविद् राशिद नूर ने टीएंडसीपी के संयुक्त संचालक आनंद निखार और एडीएम प्रकाश नायक के सामने केरवा डैम के कैचमेंट क्षेत्र में बढ़ते निर्माण और जंगलों को हो रहे नुकसान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रसूखदारों ने बंगले, रेस्टोरेंट और होटल बनाकर कैचमेंट क्षेत्र की सीमाएं कम कर दी हैं। पहाडिय़ां काटकर कॉलोनियां बसाई गईं और सडक़ें, पुल-पुलियां बना दी गईं। वाटर बॉडीज में पानी पहुंचाने वाली सहायक नदियों पर अतिक्रमण होने से बारिश का पानी जलस्रोतों तक नहीं पहुंच पाता। इससे जैव विविधता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन पहाडिय़ों, जंगलों और वाटर बॉडीज को खत्म करके किया गया विकास आने वाली पीढिय़ों के लिए खतरनाक साबित होगा। मास्टर प्लान के ड्राफ्ट में भी जंगलों और जलस्रोतों की अनदेखी की गई है। इन्हें संरक्षित करने के प्रावधान किए जाने चाहिए। सुनवाई में दोपहर दो बजे तक अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने सडक़ निर्माण के प्रस्तावों में बदलाव सहित अन्य मुद्दों पर आपत्तियां रखीं। बिजली गुल होने के कारण सुनवाई रुकी और लंच के बाद दोबारा शुरू हुई।
-केरवा कैचमेंट में 250 मीटर बफर जोन की मांग
राशिद नूर ने केरवा नदी के दोनों ओर कम से कम 250 मीटर का बफर क्षेत्र तय करने और केरवा डैम का जेडओआई निर्धारित कर पूरे कैचमेंट क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वे कराने की मांग की। उनका कहना है कि मास्टर प्लान के नक्शे में केरवा नदी को केवल एक जलधारा के रूप में दिखाया गया है। सहायक धाराओं, बरसाती नालों और छोटे जलस्रोतों का पूरा विवरण शामिल नहीं है। इससे इनके आसपास निर्माण और अतिक्रमण बढऩे का खतरा है। छोटे जलस्रोतों को नक्शे में शामिल करने, जीआईएस नक्शे का राजस्व रिकॉर्ड और सैटेलाइट तस्वीरों से मिलान कर जमीनी सत्यापन कराने तथा एनजीटी के आदेशों के अनुसार जमीनों का उपयोग तय करने की मांग की गई।
-वन क्षेत्र से तीन सडक़ें हटाने की आपत्ति
चंदनपुरा और आसपास के वन क्षेत्र से प्रस्तावित अकबरपुर-मंडीदीप 60 मीटर, चिचली-मंडीदीप 45 मीटर और सातनवाड़ी-चंदनपुरा 24 मीटर चौड़ी सडक़ें हटाने की मांग की गई। आपत्तिकर्ता के अनुसार, कलियासोत और केरवा डैम के बीच घना जंगल है, जहां बाघों की आवाजाही और वन्यजीवों का रहवास है। सडक़ों से जंगल, पहाडिय़ों और वन्यजीव कॉरिडोर को नुकसान हो सकता है। डूब क्षेत्र को संरक्षित वन क्षेत्र घोषित करने और नए निर्माण पर रोक लगाने की मांग भी की गई। बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में आवासीय और व्यावसायिक निर्माण की अनुमति नहीं देने तथा कोलार सहित अन्य क्षेत्रों में प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
-दोलतपुर और खजूरीकलां की जमीन पर भी विरोध
दोलतपुर की 4.06 हेक्टेयर जमीन को वनस्पति उद्यान के लिए जी-3 श्रेणी में आरक्षित करने पर जमीन मालिकों ने आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना है कि वर्ष 2003 में यहां आठ आवासीय इकाइयों की अनुमति मिली थी। पहले एफएआर 0.15 और अधिकतम ऊंचाई आठ मीटर तय थी। अब एफएआर घटाकर 0.05 करने से निर्माण की संभावनाएं और पहले से स्वीकृत अधिकार प्रभावित होंगे। वहीं खजूरीकलां में खसरा नंबर 163/1 और 163/3 की निजी कृषि भूमि से सडक़ निकालने के प्रस्ताव पर तपन शर्मा ने विरोध जताया। खसरा नंबर 163/3 की 0.202 हेक्टेयर जमीन वार्ड 61 में है। उन्होंने सडक़ निर्माण रोकने की मांग की है।
-बाघों के रहवास पर बढ़ता दबाव
वन विभाग की 2018 की रिपोर्ट के अनुसार, कलियासोत-केरवा के बीच 357.813 हेक्टेयर राजस्व वन क्षेत्र है। यहां बाघों और शावकों की मौजूदगी के प्रमाण मिले हैं। क्षेत्र में करीब 23 गौशालाओं के साथ फार्म हाउस, रिसॉर्ट और शिक्षण संस्थानों की गतिविधियां बढ़ रही हैं। मास्टर प्लान में चंदनपुरा के वन क्षेत्र को सार्वजनिक एवं अर्ध-सार्वजनिक (पीएसपी) उपयोग में दिखाने पर भी राशिद नूर खान ने आपत्ति की है। एनटीसीए ने 11 अगस्त 2020 को तत्कालीन मुख्य सचिव को पत्र लिखकर केरवा-कलियासोत के जंगलों में विकास प्रस्तावों की समीक्षा और बाघों के सुरक्षित रास्ते बचाने की सलाह दी थी।
