State

जल संरक्षण को जीवन का संकल्प बनाएं, जल है तो कल है: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत

सागर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान की उपलब्धि, निर्धारित लक्ष्य से 261 प्रतिशत अधिक कार्य पूरे होने पर अधिकारियों को दी बधाई

भोपाल। प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जल संरक्षण केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि “जल है तो कल है” के विचार को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करें।

मंत्री मंगलवार को सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरैया में आयोजित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अभियान के तहत सागर जिले में किए गए जल संरक्षण कार्यों की सराहना की।

सागर में लक्ष्य से 261 प्रतिशत अधिक हुए कार्य

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सागर जिले में तालाबों, कुओं, बावड़ियों और अन्य जल स्रोतों के संरक्षण, साफ-सफाई, गहरीकरण, वर्षा जल संचयन, वृक्षारोपण और जनजागरूकता से जुड़े कार्य बड़े स्तर पर किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में निर्धारित 34,703 कार्यों के लक्ष्य के मुकाबले 90,685 गतिविधियां पूरी की गईं, जो लक्ष्य से 261 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि है। मंत्री ने इस उपलब्धि के लिए कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, नगर परिषद एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि सामूहिक भागीदारी के कारण यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सका है।

जल संरक्षण को अभियान तक सीमित न रखें

मंत्री ने कहा कि जल संरक्षण का कार्य किसी एक दिन या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहना चाहिए। हर व्यक्ति को अपने घर, खेत और आसपास के क्षेत्र में जल संरक्षण के उपाय अपनाने चाहिए।

उन्होंने नागरिकों से वर्षा जल संचयन करने, पानी का संतुलित उपयोग करने और जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किए गए प्रयास ही भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।

“एक पेड़ मां के नाम” लगाने का आह्वान

पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंत्री राजपूत ने कहा कि पौधारोपण के साथ उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रत्येक व्यक्ति से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाने और उसे संरक्षित करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री मोहन यादव का संदेश भी पढ़कर सुनाया।

क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं

कार्यक्रम में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें—

निटर्री से अगरा मार्ग के निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये की सड़क स्वीकृति।

शासकीय हाई स्कूल के लिए 20 लाख रुपये की राशि।

स्कूल भवन मरम्मत के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत।

गांव में मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए 25 लाख रुपये की लागत से मंगल भवन निर्माण की घोषणा।

मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जल संरक्षण जैसे विषयों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है।

Related Articles