नरेला में निगम की बड़ी कार्रवाई, 20 अवैध छप्पर हटाए

आठ ट्रक सामान जब्त, पार्क और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण भी हटाए

भोपाल, 18 सितंबर। नगर निगम ने अतिक्रमण के खिलाफ शुक्रवार को नरेला विधानसभा क्षेत्र सहित शहर के कई इलाकों में कार्रवाई की। नरेला क्षेत्र में निगम अमले ने 20 अवैध छप्पर तोड़े और ठेले, गुमठियां, पान पार्लर, काउंटर, टेबल, भट्टी, बेंच सहित बड़ी संख्या में सामान हटाकर आठ ट्रक सामान जब्त किया।

नगर निगम के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत की गई। निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने जेल रोड, करोंद चौराहा, भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई की।

पार्क और दुकानों के सामने से भी कब्जे हटाए

निगम अमले ने 5 नंबर स्टॉप क्षेत्र में पार्क के अंदर मकान पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया। अंबेडकर नगर में पार्क के बाहर बने एक अवैध पक्के शेड को तोड़ा गया। झूलेलाल मार्केट और मिनी मार्केट में दो दुकानों और चार मकानों के सामने बनाए गए अवैध चबूतरे भी तोड़े गए।

हाउसिंग बोर्ड करोंद क्षेत्र में बांस-बल्ली से बनाया गया छप्पर हटाया गया। प्रोफेसर कॉलोनी में आवागमन में बाधा बन रहे 20 चार पहिया वाहनों को हटाया गया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में फुटपाथ पर लगी फल-सब्जी की दुकानों और ठेले-गुमठियों को भी हटाया गया।

कई इलाकों में चला अभियान

निगम की टीम ने 10 नंबर मार्केट, शैतान सिंह चौराहा, एमपी नगर जोन-1, जहांगीराबाद, रेतघाट, कमला पार्क, प्रोफेसर कॉलोनी, लिंक रोड नंबर-1 और 2, वैशाली नगर, दाता कॉलोनी ब्रिज, लालघाटी, विजय नगर, बैरागढ़ झूलेलाल मार्केट, मिनी मार्केट और मल्टी लेवल पार्किंग क्षेत्र में भी अतिक्रमण हटाए।

कार्रवाई के दौरान ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, स्टूल, कुर्सी, टेबल और बेंच समेत अन्य सामान हटाया गया। निगम ने अलग-अलग क्षेत्रों से एक ठेला, एक ड्रम और एक लकड़ी का पटला भी जब्त किया।

Exit mobile version