State

बैरसिया के जंगलों में आबकारी की बड़ी कार्रवाई, 20 क्विंटल महुआ लाहन और अवैध शराब जब्त

मनीखेड़ा और रतुआ पठार क्षेत्र में चल रहा था कच्ची शराब बनाने का कारोबार, अज्ञात आरोपियों पर आबकारी एक्ट में प्रकरण दर्ज

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला आबकारी नियंत्रक दल ने बैरसिया क्षेत्र के ग्राम मनीखेड़ा और रतुआ पठार के जंगलों में छापेमार कार्रवाई कर भारी मात्रा में कच्ची शराब बनाने में उपयोग होने वाला महुआ लाहन और हाथभट्टी शराब जब्त की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र धाकड़ के मार्गदर्शन और नियंत्रण प्रभारी आरजी भदौरिया के नेतृत्व में की गई।

जंगलों में चल रहा था अवैध शराब निर्माण

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बैरसिया क्षेत्र के मनीखेड़ा और रतुआ पठार के जंगलों में बड़ी मात्रा में कच्ची शराब तैयार की जा रही है। सूचना के अनुसार तैयार शराब को आसपास के क्षेत्रों में बिक्री के लिए भेजे जाने की आशंका थी।

सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी विभाग की टीम ने संबंधित क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 20 क्विंटल महुआ लाहन और 25 लीटर अवैध हाथभट्टी शराब बरामद की गई।

मौके से आरोपी फरार, तलाश जारी

कार्रवाई के दौरान मौके पर कोई आरोपी नहीं मिला। आबकारी विभाग ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभाग की टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है।

इन अधिकारियों की रही भूमिका

कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी अर्चना जैन, सीमा कसिसिआ, मनोज दुबे, संतोष बागड़े, महेश विश्वकर्मा सहित उप निरीक्षक स्वाति बघेल, चंदर सिंह और अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Related Articles