मध्यप्रदेश पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक सप्ताह में 2.69 करोड़ रुपये से अधिक की मादक सामग्री और संपत्ति जब्त
भ
ोपाल। मध्यप्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले एक सप्ताह के दौरान पुलिस ने करीब 2 करोड़ 69 लाख रुपये से अधिक कीमत की मादक सामग्री और संपत्ति जब्त की है। इस दौरान कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में शामिल व्यक्तियों और गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान मादक पदार्थों के साथ-साथ तस्करी में उपयोग किए गए वाहन और अन्य संपत्ति भी जब्त की गई है।
रतलाम में 1.32 करोड़ रुपये से अधिक की जब्ती
रतलाम जिले में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की।
– थाना रिंगनोद पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है।
– थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 46 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और दो ट्रक जब्त किए। मामले में पंजाब निवासी तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
रतलाम जिले में कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ 32 लाख 30 हजार रुपये मूल्य की मादक सामग्री और संपत्ति जब्त की गई।
गुना में 106 किलो डोडाचूरा बरामद
गुना जिले के म्याना थाना पुलिस ने राजस्थान से मध्यप्रदेश लाई जा रही 106 किलो 460 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। कार्रवाई में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया। जब्त सामग्री और अन्य संपत्ति की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है।
नीमच में 108 किलो डोडाचूरा जब्त
नीमच सिटी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 108 किलोग्राम अवैध अफीम बिना चीरा वाला सीपीएस डोडाचूरा बरामद किया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य करीब 25 लाख 20 हजार रुपये है।
छतरपुर में गांजा और वाहन जब्त
छतरपुर जिले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने ग्राम कदारी के पास से 20 किलोग्राम से अधिक गांजा और एक कार जब्त की। वहीं थाना कोतवाली पुलिस ने राजनगर रोड फोरलेन ब्रिज के पास से 3.5 किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया।
जिले में कुल करीब 22 लाख 60 हजार रुपये मूल्य की मादक सामग्री और वाहन जब्त किए गए।
दमोह और जबलपुर में भी कार्रवाई
दमोह जिले में थाना कोतवाली पुलिस ने उड़ीसा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में करीब 8 लाख 77 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
जबलपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक विधि-विवादित बालक को अभिरक्षा में लिया और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 14 किलो 572 ग्राम गांजा और दो स्कूटी जब्त की गईं। जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 7 लाख 28 हजार 600 रुपये है।
अन्य जिलों में भी कार्रवाई
इसके अलावा मऊगंज पुलिस ने 5 किलोग्राम से अधिक गांजा और 29 शीशी कोरेक्स सिरप जब्त कर करीब 1 लाख 86 हजार 250 रुपये की संपत्ति जब्त की।
वहीं नरसिंहपुर पुलिस ने 12.5 ग्राम स्मैक के साथ करीब 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की।
मध्यप्रदेश पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों और गिरोहों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।