भोपाल के बिलखिरिया में अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई, बाउंड्रीवॉल और सीसी रोड किए जमींदोज

कृषि भूमि पर बिना अनुमति विकसित किए जा रहे थे फार्म हाउस, हुजूर तहसील में लगातार आठवीं कार्रवाई

भोपाल। राजधानी भोपाल में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को हुजूर तहसील क्षेत्र के बिलखिरिया इलाके में प्रशासनिक अमले ने अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई करते हुए कई निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

प्रशासन के अनुसार, यह कार्रवाई ड्रीम प्रीमियम फार्मलैंड, सफायर फार्म, कंकाली फार्म हाउस और कनक प्रॉपर्टी द्वारा विकसित की जा रही कथित अवैध कॉलोनियों के खिलाफ की गई। इन स्थानों पर कृषि भूमि का उपयोग कर बिना अनुमति फार्म हाउस विकसित किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं।

बिना भवन अनुमति और टीएनसीपी मंजूरी के बेचे जा रहे थे फार्म हाउस

बताया गया कि बिलखिरिया क्षेत्र में कृषि भूमि पर बिना भवन अनुज्ञा और बिना नगर एवं ग्राम निवेश (टीएनसीपी) की अनुमति के करीब 5-5 हजार वर्गफीट के फार्म हाउस प्लॉट विकसित कर बेचे जा रहे थे।

जांच के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अवैध कॉलोनी निर्माण का काम रुकवाया। कार्रवाई के दौरान बनाई गई बाउंड्रीवॉल, सीसी रोड और अन्य पक्के निर्माणों को हटाया गया।

अवैध कॉलोनियों पर हुजूर तहसील में आठवीं बड़ी कार्रवाई

प्रशासन का कहना है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कॉलोनियों के विकास पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। हुजूर तहसील क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह लगातार आठवीं कार्रवाई बताई जा रही है।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले कॉलोनी विकास की अनुमति, टीएनसीपी स्वीकृति और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर करें, ताकि भविष्य में उन्हें कानूनी परेशानियों का सामना न करना पड़े।

Exit mobile version