State

मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज-2026: 25 जुलाई तक करें ऑनलाइन पंजीयन, विजेता विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त पर्यटन भ्रमण

भोपाल। मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, कला, प्राकृतिक संपदा और पर्यटन स्थलों से विद्यार्थियों को परिचित कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा ‘मध्य प्रदेश पर्यटन क्विज-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विद्यालय 1 जुलाई से 25 जुलाई 2026 शाम 5:30 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं।

यह प्रतियोगिता “बूझो, जानो फिर देखो अपना प्रदेश” थीम पर आयोजित की जा रही है। इसमें प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई तथा केंद्रीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।

विद्यालयों के लिए ऑनलाइन पंजीयन आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है।

7 अगस्त को होगी जिला स्तरीय पर्यटन क्विज

पर्यटन क्विज-2026 का जिला स्तरीय आयोजन 7 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ किया जाएगा। प्रतियोगिता दो चरणों में होगी।

पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित होगी, जिसके आधार पर चयनित शीर्ष छह टीमों के बीच दूसरे चरण में ऑडियो-विजुअल एवं मल्टीमीडिया आधारित क्विज प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रत्येक जिले की विजेता टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपने जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

पर्यटन, इतिहास और संस्कृति पर आधारित होंगे प्रश्न

क्विज में पूछे जाने वाले प्रश्न मध्यप्रदेश के पर्यटन, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, कला, संस्कृति, प्राकृतिक संपदा, जैव विविधता और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं पर आधारित होंगे। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में अपने प्रदेश की विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यटन के माध्यम से सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना है।

वर्ष 2025 में 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया था हिस्सा

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड वर्ष 2016 से (कोविड-19 महामारी के दौरान वर्ष 2020-21 को छोड़कर) नियमित रूप से पर्यटन क्विज का आयोजन कर रहा है।

वर्ष 2025 में आयोजित प्रतियोगिता में 24,489 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था, जबकि 8,163 विद्यालयों ने अपने विद्यार्थियों का पंजीयन कराया था। यह सहभागिता विद्यार्थियों में प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों के प्रति बढ़ती रुचि का प्रमाण मानी गई।

विजेता टीमों को मिलेगा मुफ्त पर्यटन भ्रमण

मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड प्रतियोगिता की विजेता एवं उपविजेता टीमों को आकर्षक पर्यटन पुरस्कार प्रदान करेगा।

– प्रत्येक जिले की प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेता टीम को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (MPSTDC) के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन मिलेगा।
– चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिवस के निःशुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा।

इन पर्यटन पैकेजों में विद्यार्थियों के आने-जाने, आवास, भोजन तथा स्थानीय भ्रमण का पूरा खर्च मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड वहन करेगा, जिससे उन्हें प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों को निकट से जानने और समझने का अवसर मिलेगा।

Related Articles