मध्यप्रदेश पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 5 दिनों में 1.45 करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ और संपत्ति जब्त

गांजा, स्मैक, अफीम, एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की बड़ी खेप बरामद, कई जिलों में तस्कर गिरफ्तार
भोपाल, 5 जून 2026। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले पांच दिनों में विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और संपत्ति जब्त की है। इस दौरान गांजा, स्मैक, अफीम, एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा जैसी प्रतिबंधित सामग्री बरामद करते हुए कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए राज्यभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है और तस्करों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बड़वानी में 1 क्विंटल 47 किलो गांजा जब्त
बड़वानी जिले के वरला थाना पुलिस ने ग्राम पांजरिया में कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 47 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस कार्रवाई में लगभग 32.34 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
शिवपुरी और दतिया में बड़ी कार्रवाई
शिवपुरी जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में 117 ग्राम से अधिक स्मैक, 52 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 30.52 लाख रुपये बताया गया है।
दतिया जिले की बसई थाना पुलिस ने 86.85 किलोग्राम गांजा और एक कार जब्त कर लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की। मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
गुना और दमोह में स्मैक तस्करों पर शिकंजा
गुना जिले के मृगवास थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 100.59 ग्राम स्मैक और 10 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 17 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
वहीं दमोह जिले में पुलिस ने दो मामलों में 115.95 ग्राम स्मैक और 3 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 12.35 लाख रुपये है।
आगर मालवा और रतलाम में डोडाचूरा व अफीम बरामद
आगर मालवा जिले के बड़ौद थाना पुलिस ने 102 किलो 250 ग्राम डोडाचूरा, एक कार और मोटरसाइकिल जब्त कर करीब 11.60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।
रतलाम जिले की माननखेड़ा चौकी पुलिस ने 3 किलो 150 ग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में लगभग 6.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इंदौर, हरदा और उज्जैन में एमडी ड्रग्स की बरामदगी
इंदौर के द्वारकापुरी और चंदन नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में 18.59 ग्राम एमडी ड्रग्स और 4 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लगभग 5.81 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
हरदा कोतवाली पुलिस ने 9.06 ग्राम एमडी पाउडर के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया और 1.56 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की।
उज्जैन जिले की तराना पुलिस ने 11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 1.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की।
भोपाल, खंडवा, मंदसौर और सीधी में भी कार्रवाई
भोपाल क्राइम ब्रांच ने दो अलग-अलग मामलों में 2.681 किलोग्राम गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त संपत्ति का मूल्य करीब 1.41 लाख रुपये है।
खंडवा पुलिस ने 12.5 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं मंदसौर में 1 किलोग्राम अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन और मोबाइल फोन सहित 2.50 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
सीधी जिले की मड़वास थाना पुलिस ने ऑपरेशन “प्रहार 2.0” के तहत 3.722 किलोग्राम गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और नशे के कारोबार में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने या डायल-112 पर सूचना दें।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जन सहयोग और सतत अभियान के माध्यम से प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।





