सिंहस्थ-2028 की तैयारियों में जुटी मध्यप्रदेश पुलिस, पूरे प्रदेश में चलेगा विशेष प्रशिक्षण अभियान

भोपाल, 1 जून। आगामी सिंहस्थ-2028 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रदेशभर के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 6 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है, जो जून से दिसंबर 2026 तक 20 चरणों में आयोजित होगा।

प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को मिलेगा सिंहस्थ ड्यूटी का प्रशिक्षण

उप पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) तरुण नायक ने बताया कि सिंहस्थ-2028 के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन जैसी चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पहले चरण में “ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स (ToT)” कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अब प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जिलों में पुलिस बल को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी कैलेंडर के अनुसार 1 जून 2026 से शुरू होकर दिसंबर 2026 तक कुल 20 बैचों में प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसमें जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, रेडियो शाखा, विशेष शाखा, पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारी शामिल होंगे।

भीड़ प्रबंधन से लेकर आतंकवाद निरोधक तैयारियों तक प्रशिक्षण

विशेष प्रशिक्षण मॉड्यूल में सिंहस्थ का ऐतिहासिक, धार्मिक और भौगोलिक परिचय, मेला क्षेत्र का संचालन, शाही स्नान व्यवस्था, अखाड़ों की पेशवाई, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, वीआईपी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों को शामिल किया गया है।

इसके अलावा आतंकवाद एवं नक्सलवाद से जुड़ी चुनौतियों, अभिसूचना संकलन, निगरानी एवं चेकिंग व्यवस्था, आपदा प्रबंधन, विस्फोटक एवं आईईडी की पहचान, सोशल मीडिया प्रबंधन और मीडिया समन्वय जैसे आधुनिक सुरक्षा विषयों पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

विशेषज्ञ एजेंसियों का मिलेगा सहयोग

प्रशिक्षण कार्यक्रम में स्पेशल टास्क फोर्स, क्विक रिस्पांस फोर्स, बम निरोधक दस्ता और होमगार्ड के विशेषज्ञ अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पुलिस कर्मियों को सीपीआर (CPR) और प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।

तकनीक आधारित प्रशिक्षण और सतत निगरानी

प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लाइव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की व्यवस्था की गई है, जिससे वरिष्ठ अधिकारी और विषय विशेषज्ञ ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण सत्रों से जुड़ सकेंगे। प्रत्येक जिले में प्रशिक्षण प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और प्रशिक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी।

करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस

सिंहस्थ-2028 में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए मध्यप्रदेश पुलिस सुरक्षा, सेवा और सुशासन के उच्च मानकों के अनुरूप तैयारियां कर रही है। यह प्रशिक्षण अभियान पुलिस बल को तकनीकी रूप से दक्ष, संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से निपटने में सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मध्यप्रदेश पुलिस का लक्ष्य है कि सिंहस्थ-2028 को सुरक्षा, सुव्यवस्था और श्रद्धालु सुविधा के दृष्टिकोण से देश के सबसे सफल धार्मिक आयोजनों में शामिल किया जाए।

Exit mobile version