कोलार में 16वें वर्ष सजेगा मां वैष्णो देवी का दरबार

कल्पना चावला गार्डन में हुआ भूमिपूजन, त्रिकूट पर्वत और स्वर्ण मंदिर की प्रतिकृति बनेगी

भोपाल। कोलार क्षेत्र की प्रसिद्ध मां वैष्णो देवी झांकी के आयोजन का सिलसिला इस वर्ष भी जारी रहेगा। सर्वधर्म कॉलोनी स्थित कल्पना चावला गार्डन में मां वैष्णो देवी उत्सव एवं जनकल्याण समिति की ओर से 16वें वर्ष झांकी स्थापना के लिए रविवार को विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन के बाद समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ और उनकी पत्नी लक्ष्मी राठौड़ ने गैंती चलाकर भूमिपूजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के जयकारे लगाए।

समिति अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ ने बताया कि वर्ष 2011 से कल्पना चावला गार्डन में लगातार मां वैष्णो देवी की झांकी सजाई जा रही है। इस वर्ष कटरा स्थित त्रिकूट पर्वत पर विराजित मां वैष्णो देवी के स्वर्ण मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जा रही है। झांकी में माता की पिंडी के साथ महाकाली, महालक्ष्मी और महासरस्वती के स्वरूप भी रहेंगे। इसके साथ ही गुफा में मां वैष्णो देवी की स्थापना की जाएगी।

भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व सरपंच एवं पूर्व कोलार नगर पालिका अध्यक्ष मंगल सिंह यादव, समाजसेवी मनोज मिश्रा, वरिष्ठ अधिमान्य पत्रकार पंडित भरत भूषण तिवारी, सकल जैन समाज अध्यक्ष अखिलेश जैन, खाटू श्याम आराधना ग्रुप की अध्यक्ष राखी परमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समिति के सदस्य मौजूद रहे।

इस अवसर पर मुकेश शाह, पंडित अनिल दुबे, बबलू खान, मुकेश नवले, शाहिद हुसैन, विष्णुकांत सराठे, नागपुर से आए भारत यात्री बाबा शैलके, विजय वर्मा, नवल सोनी, मोनू अहिरवार और रोहित सक्सेना सहित अन्य लोगों ने पूजा-अर्चना की। महिला मंडल और समिति के सदस्यों ने भी आयोजन में सहभागिता की।

Exit mobile version