State

अविनाश प्राइड में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा

रायपुर। अविनाश प्राइड में भजन संध्या परिवार के तत्वावधान में भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। पिछले पांच वर्षों से आयोजित हो रही यह रथ यात्रा इस बार भी बड़ी संख्या में रहवासियों की सहभागिता के साथ संपन्न हुई। आयोजन की शुरुआत पांच वर्ष पूर्व 11 महिलाओं के छोटे से प्रयास से हुई थी, जो अब पूरे परिसर का सामूहिक धार्मिक उत्सव बन चुकी है।

रथ यात्रा से पूर्व श्रद्धालुओं ने शिव मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया और भगवान भोलेनाथ को भगवान श्री जगन्नाथ के स्वरूप में अलंकृत किया। मंदिर परिसर को फूलों और सजावट से मनमोहक रूप दिया गया। आयोजन को भव्य बनाने में भजन संध्या परिवार के सदस्यों के साथ अन्य सहयोगियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

रथ यात्रा में महिला और पुरुष श्रद्धालु पीले वस्त्र धारण कर, मस्तक पर तिलक लगाकर भगवान श्री जगन्नाथ के रथ के साथ भजन-कीर्तन करते हुए निकले। श्रद्धालुओं ने मार्ग में जल का छिड़काव किया, झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और पूरे उत्साह के साथ रथ का स्वागत किया। “जय जगन्नाथ” के जयघोष और भक्तिमय नृत्य से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

आयोजन के समापन पर भगवान श्री जगन्नाथ को खिचड़ी और फलों का भोग अर्पित किया गया। इसके बाद सामूहिक आरती हुई और सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया।

भजन संध्या परिवार की सदस्य सरिता झा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज में एकता, सेवा, स्वच्छता, सहयोग और सनातन संस्कृति के प्रति आस्था का संदेश देना भी है। उन्होंने कहा कि रहवासियों के सहयोग से यह आयोजन हर वर्ष अधिक भव्य होता जा रहा है और भविष्य में भी इसी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ जारी रहेगा।

Related Articles