
भ
ोपाल, 22 जुलाई। राजधानी में मंगलवार सुबह से हुई तेज बारिश ने नगर निगम की मानसून पूर्व तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के कई प्रमुख मार्गों और चौराहों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा, जबकि निचले इलाकों में घरों के बाहर तक पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बारिश के कारण जेके रोड तिराहा, भोपाल टॉकीज, काली बस्ती, सुंदर नगर, शंकर नगर, गुड्डा नगर और उड़िया बस्ती सहित कई क्षेत्रों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव के चलते कई स्थानों पर सड़कें तालाब जैसी नजर आईं और गड्ढे पानी में छिप जाने से वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जबकि पैदल राहगीरों का निकलना भी मुश्किल हो गया।
निचली बस्तियों में पानी घरों के बाहर तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों को दैनिक कार्यों में दिक्कतें आईं। नागरिकों का कहना है कि मानसून से पहले नालों की सफाई के दावों के बावजूद पहली ही तेज बारिश में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए।
राहत दल मौके पर तैनात
फायर अधिकारी सौरभ पटेल ने बताया कि भोपाल टॉकीज और काली बस्ती क्षेत्रों से जलभराव की शिकायतें मिलने पर फायर एवं आपदा प्रबंधन की टीमों को तत्काल मौके पर भेजा गया। संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटे तक बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों से संपर्क करने की अपील की है।








