State

भोपाल में दिव्यांगजनों के लिए विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

भोपाल। दिव्यांगजनों के अधिकारों के संरक्षण, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल द्वारा विशेष विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनीत अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को उनके संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और पात्र व्यक्तियों तक निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण विधिक सहायता पहुंचाना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने दिव्यांगजनों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सहभागी बनने का आह्वान किया।

मशीनरी ऑफ चैरिटी में लगाया गया विशेष शिविर

प्राधिकरण की ओर से 13 जुलाई को मशीनरी ऑफ चैरिटी, नेहरू नगर में विशेष विधिक सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दिव्यांगजनों को उनके कानूनी अधिकारों, विभिन्न शासकीय योजनाओं, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सहायक उपकरणों और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए विभागीय समन्वय का आश्वासन भी दिया गया।

स्वास्थ्य जांच और हेल्थ कार्ड भी बनाए गए

शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों की टीम ने दिव्यांगजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पात्र लाभार्थियों के हेल्थ कार्ड भी मौके पर बनाए गए, ताकि वे विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ समयबद्ध और सरल तरीके से प्राप्त कर सकें।

कार्यक्रम में जिला विधिक सहायता अधिकारी मोहम्मद जीलानी, दिव्यांगजन संस्थान के प्रतिनिधि, जिला चिकित्सालय की चिकित्सक टीम, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं अन्य लाभार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles